Today voice से अरुण कुमार बडोदे कि ख़ास रिपोर्ट
बैतूल। 26 नवंबर संविधान दिवस के अवसर पर शासकीय विधि महाविद्यालय, बैतूल द्वारा शासकीय सरदार पटेल विद्यालय में संवैधानिक जागरूकता कार्यक्रम एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों, नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा विधिक प्रावधानों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विधि महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा नाट्य प्रस्तुति, संवैधानिक प्रश्नोत्तरी, विजुअल प्रतियोगिता एवं ऑडियो पहचान प्रतियोगिता आयोजित की गई। नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान एवं कानून के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी सरल और प्रभावी तरीके से दी गई।
‘कानून एक वरदान’ नाटक में अनुच्छेद 14, 17, 19 और 21 का संदेश
विद्यार्थियों ने ‘कानून एक वरदान’ नाटक प्रस्तुत किया, जिसमें संविधान की सर्वोच्चता एवं कानून के पालन के महत्व को रेखांकित किया गया। नाटक में अनुच्छेद 14, 17, 19 एवं 21 से संबंधित संवैधानिक अधिकारों को विषय बनाया गया। प्रस्तुति के माध्यम से बताया गया कि संविधान देश की विधि-व्यवस्था का मूल आधार है तथा प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह कानून का पालन करे।
किन्नर समुदाय के अधिकारों पर नाट्य प्रस्तुति
दूसरी नाट्य प्रस्तुति में निर्वाचन एवं किन्नर समुदाय के अधिकारों को विषय बनाया गया। इसमें संविधान के अनुच्छेद 14, 15, 16 एवं 21 के माध्यम से समानता, अवसर की समानता, गरिमा एवं व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकारों को प्रदर्शित किया गया।
प्रस्तुति में
केश लॉ Navtej Singh Johar बनाम Union of India
के महत्वपूर्ण निर्णय का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वतंत्रता, निजता एवं गरिमा के संवैधानिक महत्व से अवगत कराया गया।
‘जेल डायरी’ नाटक से निशुल्क विधिक सहायता की जानकारी
‘जेल डायरी’ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के अनुच्छेद 39-A तथा विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 के अंतर्गत उपलब्ध निशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी गई। प्रस्तुति में बताया गया कि पात्र व्यक्तियों को आर्थिक स्थिति के कारण न्याय से वंचित न होना पड़े, इसके लिए विधिक सहायता की व्यवस्था की गई है।
महिला सुरक्षा एवं कार्यस्थल उत्पीड़न पर प्रस्तुति
कार्यक्रम में महिलाओं की सुरक्षा एवं कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम से संबंधित नाट्य प्रस्तुति भी दी गई। इसमें विशाखा बनाम राजस्थान राज्य के महत्वपूर्ण निर्णय का उल्लेख करते हुए कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा एवं अधिकारों के संरक्षण की जानकारी दी गई।
इसके अलावा छात्र-छात्राओं ने महिलाओं से संबंधित विभिन्न विधिक प्रावधानों की जानकारी दी, जिनमें BNS की धारा 74, धारा 85-86 तथा अम्ल हमले से संबंधित धारा 124 सहित अन्य प्रावधान शामिल रहे।
संवैधानिक प्रश्नोत्तरी में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
कार्यक्रम के अंतर्गत संवैधानिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों से संविधान, मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य, प्रस्तावना एवं अन्य संवैधानिक विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने संवैधानिक ज्ञान का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शासकीय विधि महाविद्यालय, बैतूल की ओर से पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतिभागी विद्यार्थियों को भी प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
प्राचार्य सहित फैकल्टी एवं विद्यार्थी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में शासकीय विधि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हर्षवर्धन यादव, डॉ. चंद्रशिला यादव, डॉ. वीणा चिरोंजे डेहरिया, डॉ. वंदना राहुल एवं डॉ. रूपेश जितपूरे सहित विधि महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।
0 टिप्पणियाँ