✍️ नितिन अग्रवाल
नितिन नबीन निर्विरोध बने बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष, कल 11 बजे संभालेंगे पदभार
बीजेपी मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया चल रही है. नितिन नबीन के नामांकन हो जाने के बाद कल सुबह 11 बजे बीजेपी मुख्यालय पर 700 प्रतिनिधि जुटेंगे. इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी भी मौजूद रहेंगे. उनकी उपस्थिति में नितिन नबीन के चुनाव का औपचारिक ऐलान शाम छह बजे किया जाएगा.
बीजेपी में 'नबीन' अध्याय शुरू हो रहा है. अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया चल रही है. राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की चुनाव प्रक्रिया में नितिन नबीन ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया. इस दौरान अमित शाह, राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा और गडकरी जैसे प्रमुख नेता मौजूद रहे. सूत्रों के मुताबिक, नितिन नबीन निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाएंगे और वह कल अध्यक्ष पद की शपथ लेंगे.
36 राज्यों में से 30 राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों के चुनाव के बाद BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई है, जो न्यूनतम 50% राज्यों की शर्त पूरी करने के लिए ज़रूरी संख्या से कहीं ज़्यादा है. 16 जनवरी 2026 को, कार्यक्रमों की समय-सारणी की अधिसूचना जारी की गई और मतदाता सूची प्रकाशित की गई.
आज यानी 19 जनवरी 2026 (सोमवार) को, दोपहर 2 बजे से 4 बजे के बीच नामांकन प्रक्रिया पूरी की गई. कुल मिलाकर, राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नितिन नबीन के पक्ष में नामांकन पत्रों के 37 सेट प्राप्त हुए. नामांकन पत्रों के सभी सेट ज़रूरी फॉर्मेट में सही तरह से भरे हुए पाए गए और वैध थे. अब, नाम वापस लेने की अवधि के बाद, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ एक नाम बचा यानी नितिन नबीन का नाम प्रस्तावित किया गया है.

0 टिप्पणियाँ