Today voice से अरुण कुमार बड़ोदे कि ख़ास रिपोर्ट
उच्च शिक्षा विभाग मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस जयवंती हक्सर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बैतूल में 20 जनवरी को जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त महाविद्यालयों के प्राचार्यों तथा जिला टास्क फोर्स नोडल अधिकारियों के लिए एक दिवसीय मानसिक स्वास्थ्य प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ मीनाक्षी चौबे के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिंदी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ अनीता सोनी द्वारा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या की देवी मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। तत्पश्चात जयवंती हाक्सर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बैतूल की डीएफटी नोडल अधिकारी डॉ. सोनाली सैनी साहू द्वारा डीएफटी की भूमिका, उद्देश्य एवं महाविद्यालय स्तर पर मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित संचालित गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की गई। साथ ही भविष्य में प्रस्तावित कार्यक्रमों पर प्रकाश डालते हुए जिले के समस्त महाविद्यालयों के डीएफटी नोडल अधिकारियों से सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। ताकि सभी फैक्लटीज प्रशिक्षित होकर अपने अपने स्तर पर विद्यार्थियों की मानसिक तनाव संबंधी समस्या जानकर समय रहते उसका निराकरण कर सके।
इसके उपरांत सुश्री अनुभूति जैन, परामर्शदाता मनोविज्ञान विभाग द्वारा तनाव प्रबंधन विषय पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में तनाव की अवधारणा, कारण, प्रभाव एवं रोकथाम के उपायों को विभिन्न सहभागितामूलक गतिविधियों एवं दृश्य–श्रव्य माध्यमों के माध्यम से प्रभावी एवं रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मीनाक्षी चौबे ने एनएफटी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए गुरुकुल परंपरा एवं वर्तमान शैक्षणिक परिवेश की तुलनात्मक विवेचना की। उन्होंने विद्यार्थियों में बढ़ते मानसिक तनाव, अवसाद एवं आत्मघाती प्रवृत्तियों के कारणों पर विचार व्यक्त करते हुए समय रहते पहचान, परामर्श एवं जागरूकता के माध्यम से समस्या के निराकरण हेतु समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. नीलिमा पीटर द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। संपूर्ण कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन डॉ. निहारिका भावसार द्वारा किया गया।कार्यक्रम की सफलता में महाविद्यालय की एनएफटी समिति के सदस्यों डॉ. माधुरी धोटे, प्रो. गोलू परते, डॉ. निहारिका भावसार, प्रो मनेश मानकर कंचना गुजरे, डॉ. दिव्या डांगी एवं डॉ. शिवदयाल साहू का सहयोग सराहनीय रहा।
इस प्रशिक्षण सह कार्यशाला को सफल बनाने में जिले के समस्त महाविद्यालयों के प्राचार्यों, डीएफटी नोडल अधिकारियों एवं महाविद्यालय स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति एवं सक्रिय सहभागिता रही।
0 टिप्पणियाँ