Today voice से अरुण कुमार बड़ोदे कि ख़ास रिपोर्ट
बैतूल जिले के ग्राम पंचायत डोक्या, ग्राम कासिया की आंगनवाड़ी में चौंकाने वाली अनियमितताएं सामने आई हैं, जहां बच्चों के भविष्य के साथ खुला खिलवाड़ किया जा रहा है।
बुधवार, 22 अप्रैल को आंगनवाड़ी में पढ़ने वाले बच्चों को अचानक छुट्टी देकर घर भेज दिया गया। बच्चों ने घर पहुंचकर बताया कि “मैडम ने आज छुट्टी कर दी है।” जब इस सूचना की पड़ताल की गई और आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया गया, तो वहां का नजारा हैरान कर देने वाला था।
जहां एक ओर सरकार बच्चों की शिक्षा और पोषण के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, वहीं दूसरी ओर उसी सरकारी आंगनवाड़ी भवन में बच्चों की पढ़ाई की जगह पापड़ बनाने का काम धड़ल्ले से चल रहा था। आरोप है कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका नियमित समय पर केंद्र नहीं पहुंचतीं, और मनमाने तरीके से छुट्टी घोषित कर बच्चों को वापस भेज दिया जाता है। इससे बच्चों की शिक्षा और पोषण दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
सबसे गंभीर बात यह है कि सरकारी भवन और संसाधनों का उपयोग निजी घरेलू काम के लिए किया जा रहा है, जो सीधे तौर पर नियमों का उल्लंघन है।
यह पूरा मामला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करता है। क्या जिम्मेदार अधिकारियों को इन अनियमितताओं की जानकारी नहीं है, या फिर सब कुछ जानते हुए भी आंखें मूंद ली गई हैं?
अब देखने वाली बात यह होगी कि इस खुलासे के बाद शासन-प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई करता है या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।
स्थानीय लोगों की मांग है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि जिले की अन्य आंगनवाड़ियों में भी इस तरह की लापरवाही और भ्रष्टाचार पर लगाम लग सके।
0 टिप्पणियाँ