पेयजल समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें: कलेक्टर डॉ. सोनवणे पेयजल समस्या के निराकरण में लापरवाही पर कार्यवाही के निर्देश

Today voice से अरुण कुमार बड़ोदे कि ख़ास रिपोर्ट 

पेयजल समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें: कलेक्टर डॉ. सोनवणे पेयजल समस्या के निराकरण में लापरवाही पर कार्यवाही के निर्देश
कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में पेयजल संबंधी समस्याओं के निराकरण एवं जल निगम की स्वीकृत परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक ली। बैठक के दौरान बैतूल ब्लॉक के ग्रामों में पेयजल समस्या के निराकरण में लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर ने बैतूल जनपद सीईओ और पीएचई एसडीओ को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर डॉ.सोनवणे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में पेयजल संकट को प्राथमिकता से लेते हुए हर शिकायत का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने सभी जनपद सीईओ से ग्रामीण क्षेत्रों में जल स्रोतों की स्थिति, खराब नलकूपों और नल-जल योजनाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि किसी भी गांव या शहरी क्षेत्र में पानी की कमी की स्थिति बनने न पाए। जहां समस्या है, वहां तत्काल हैंडपंप सुधार और पाइपलाइन की मरम्मत कर लोगों को राहत दी जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि पेयजल आपूर्ति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जल निगम की गढ़ा, वर्धा, मेंढा और घोघरी परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने ठेका कंपनियों को कार्य में तेजी लाने, अतिरिक्त टीमें लगाने और निर्धारित समयसीमा में प्रोजेक्ट पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप बनाकर नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि फील्ड स्तर के कर्मचारी नियमित मॉनिटरिंग करें और समस्याओं की जानकारी तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाएं। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए और जहां आवश्यकता हो, वहां अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ