Today voice से अरुण कुमार बड़ोदे कि ख़ास रिपोर्ट
कोटमी डोक्या बीट में भड़की आग, प्रशासन बना मूकदर्शक”
“कई दिनों से जल रहा जंगल, जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठे सवाल”
कोटमी डोक्या बीट का जंगल पिछले कई दिनों से आग की चपेट में है, लेकिन जिम्मेदार प्रशासन अब भी मूकदर्शक बना हुआ है। आग लगातार फैल रही है, पेड़-पौधे जलकर खाक हो रहे हैं और वन्यजीवों का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है, बावजूद इसके राहत और बचाव के ठोस इंतजाम कहीं नजर नहीं आ रहे।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि डोक्या बीट का बीट गार्ड महीनों से गायब है, और वन विभाग के कर्मचारी सिर्फ कागजों में सक्रिय दिख रहे हैं। सवाल यह उठता है कि जब जिम्मेदार ही मैदान से नदारद हैं, तो जंगल की सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर किसके कंधों पर है?
ग्रामीणों ने बताया कि आग की सूचना कई बार वन विभाग और प्रशासन को दी गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। न तो मौके पर पर्याप्त टीम पहुंची और न ही आग बुझाने के लिए जरूरी संसाधन लगाए गए। इस लापरवाही ने अब गंभीर रूप ले लिया है।
पर्यावरण विशेषज्ञों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया, तो यह पूरे क्षेत्र की जैव विविधता को भारी नुकसान पहुंचा सकती है। इसके साथ ही आसपास के गांवों में भी खतरा बढ़ सकता है।अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस गंभीर स्थिति पर अब भी आंख मूंदे रहेगा? या फिर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होगी और जंगल को बचाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे? स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ आक्रोश बढ़ता जा रहा है और वे जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
अब सवाल उठता है कि जब जंगल जल रहा है, तो जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी कहां हैं? क्या प्रशासन इस गंभीर मामले पर जल्द संज्ञान लेगा, या फिर यूं ही प्राकृतिक संसाधन जलते रहेंगे?
0 टिप्पणियाँ