विशाल बडौदे ने उठाए नाली निर्माण में अनियमितता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

Today voice से अरुण कुमार बड़ोदे कि ख़ास रिपोर्ट 

विशाल बडौदे ने उठाए नाली निर्माण में अनियमितता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
सारड़ (बैतूल) जिला मुख्यालय के समीप ग्राम पंचायत सारड़ के वार्ड क्रमांक 4 में चल रहे नाली निर्माण कार्य को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण हितैषी विशाल बडौदे ने गंभीर आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि पंचायत द्वारा नाली निर्माण कार्य मजदूरों के बजाय जेसीबी मशीन से कराया जा रहा है, जो नियमों की भावना के विपरीत प्रतीत होता है।
विशाल बडौदे ने बताया कि निर्माण कार्य प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के मार्ग के समीप होने से आम नागरिकों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद निर्माण स्थल पर न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है और न ही सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि पंचायत की इस लापरवाही के कारण यदि कोई हादसा होता है तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी ग्राम पंचायत सारड़ की होगी। ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाने वाले विशाल बडौदे ने प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्राम पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि ने बताया है कि आगामी एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण कर दिया जाएगा। वहीं विशाल बडौदे ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ