✍️नितिन अग्रवाल
"बैतूल पहुंचे हॉकी के स्वर्णिम सितारे अशोक कुमार ध्यानचंद... वीर आरपीएफ जवान कुलवंत को किया सलाम, शहर ने किया भव्य स्वागत!"
हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के सुपुत्र और ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अशोक कुमार ध्यानचंद का शनिवार दोपहर 2 बजे बैतूल आगमन पर शहर ने उनका भव्य और आत्मीय स्वागत किया। गोरखपुर एक्सप्रेस से रेलवे स्टेशन पहुंचते ही 75 कम 99 दिन संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
अपने प्रवास के दौरान अशोक कुमार ध्यानचंद ने रेलवे सुरक्षा बल थाने पहुंचकर अपनी बहादुरी से यात्रियों की जान बचाने वाले आरपीएफ के प्रधान आरक्षक कुलवंत का विशेष सम्मान किया। उन्होंने कुलवंत को फूल-माला पहनाकर मिठाई खिलाई और उनके साहस को सलाम करते हुए कहा कि ऐसे जांबाज़ जवान समाज के लिए प्रेरणा हैं। साथ ही आरपीएफ द्वारा यात्रियों की सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों की भी उन्होंने खुलकर सराहना की।
इसके बाद शहर के वरिष्ठ पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और खेल प्रेमियों ने इंडियन ईरानी चाय पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम के समापन पर वे 75 कम 99 दिन संस्था के बबलू दुबे के निवास पहुंचे, जहां खेल, युवा प्रतिभाओं के प्रोत्साहन और सामाजिक सरोकारों पर सार्थक चर्चा हुई।
हॉकी के इस स्वर्णिम सितारे का बैतूल आगमन खेल प्रेमियों के लिए यादगार पल बन गया और पूरे शहर ने उनका दिल खोलकर स्वागत किया।

0 टिप्पणियाँ