बैतूल भव्य राम बारात में उमड़ा जनसैलाब, जनकपुरी में गूंजे जय-जयकारों के बीच सम्पन्न हुआ प्रभु श्रीराम–सीता विवाह”देखे विडियो

नितिन अग्रवाल 





बैतूल भव्य राम बारात में उमड़ा जनसैलाब, जनकपुरी में गूंजे जय-जयकारों के बीच सम्पन्न हुआ प्रभु श्रीराम–सीता विवाह”


बैतूल। श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से ओत-प्रोत वातावरण में गुरुवार की शाम बैतूल वासियों ने एक ऐतिहासिक पल का साक्षात्कार किया। श्री कृष्ण पंजाब सेवा समिति बैतूल के तत्वावधान में आयोजित रामलीला महोत्सव के अंतर्गत प्रभु श्रीराम का दिव्य विवाह महोत्सव संपन्न हुआ। अयोध्यापुरी (पंजाबी कृष्ण मंदिर) से जब भगवान श्रीराम दूल्हे के रूप में रथ पर सवार होकर निकले, तो नगर में जय-जयकारों की गूंज से माहौल राममय हो गया।

राम बारात में भाई लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और गुरु वशिष्ठ भी रथ पर विराजमान थे। समिति पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी बाराती बनकर शामिल हुए। जैसे ही राम बारात जनकपुरी की ओर बढ़ी, श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर प्रभु का स्वागत किया और पूरे नगर का वातावरण आध्यात्मिकता से सराबोर हो गया।

जनकपुरी (माता मंदिर पेट्रोल पंप) पहुंचने पर समिति पदाधिकारियों और जनसमुदाय ने बारात का आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात माता सीता और प्रभु श्रीराम का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार एवं संपूर्ण रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न हुआ। सात फेरों, कन्यादान, वरमाला और मंगल गीतों ने माहौल को और भी पावन व भावुक बना दिया।

विशेष आकर्षण रहा खजूरी (जिला सीधी) से आए कलाकारों का मंचन। उन्होंने ऐसी सजीव और भावपूर्ण अदायगी की कि दर्शक मानो त्रेतायुग की उस दिव्य बेला में पहुंच गए हों। कलाकारों की भाव-भंगिमा, संवाद और भक्ति रस से ओत-प्रोत प्रस्तुति ने अनेक दर्शकों की आंखें नम कर दीं।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य प्रभु श्रीराम के आदर्शों और जीवन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना है। श्री कृष्ण पंजाब सेवा समिति के सभी सदस्यों की सक्रिय भूमिका से आयोजन भव्य और सफल बन सका।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ