राष्ट्रीय युवा दिवस पर एबीवीपी बैतूल का आयोजन: स्वामी विवेकानंद के विचारों से युवाओं को मिला प्रेरणा संदेश

✍️ नितिन व अंश अग्रवाल 


राष्ट्रीय युवा दिवस पर एबीवीपी बैतूल का आयोजन: स्वामी विवेकानंद के विचारों से युवाओं को मिला प्रेरणा संदेश


बैतूल। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) बैतूल द्वारा युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में जे.एच. कॉलेज स्थित विवेकानंद पार्क में माल्यार्पण एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों, आदर्शों एवं राष्ट्र निर्माण के संदेश से प्रेरित करना रहा। नगर सहमंत्री करण कोरकू ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वामी विवेकानंद का जीवन युवाओं के लिए मार्गदर्शक है और उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एबीवीपी के प्रांत कार्यकारिणी सदस्य भूपेंद्र गोरले ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारतीय संस्कृति को विश्व मंच पर गौरव दिलाया। जिस समय पश्चिमी देशों में भारत को असभ्य समझा जाता था, उस दौर में उन्होंने भारतीय वेदांत और दर्शन का प्रचार कर भारत का मस्तक ऊंचा किया। पूर्व प्रांत सहमंत्री देवेंद्र धुर्वे ने कहा कि स्वामी विवेकानंद देश के करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणा के प्रतीक हैं। उनके विचार आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्र सेवा की भावना जागृत करते हैं। कार्यक्रम के अंत में नगर सहमंत्री शेख साहिल ने आभार व्यक्त करते हुए युवाओं से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपनाकर समाज और राष्ट्र के हित में कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में नगर सहमंत्री लक्की खातरकर, नगर कलामंच प्रमुख विशाखा धुर्वे, नगर कार्यकारिणी सदस्य करीना उईके सहित एबीवीपी के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ