✍️ नितिन अग्रवाल
थाना आमला प्रभारी रविकांत डेहरिया की सूझबूझ से बड़ी सफलता ₹20.85 लाख की चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
बैतूल जिले में अपराधों पर नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता सामने आई है, जहां थाना आमला पुलिस ने 20 लाख 85 हजार रुपये की बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरे मामले में थाना प्रभारी रविकांत डेहरिया की सतर्कता, नेतृत्व और तेज कार्रवाई की खास सराहना की जा रही है।
घटना 9 और 10 मार्च 2026 की दरम्यानी रात की है, जब आमला के कुन्बी मोहल्ला निवासी ओमकार टिकारे के घर में अज्ञात आरोपी ने पीछे का दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया और घर में रखी आलमारी व पलंग पेटी को तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और 30 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने महेन्द्र उर्फ रंजीत देवड़े नामक आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी पीड़ित का ही रिश्तेदार निकला, जिसने आर्थिक तंगी और कर्ज के चलते अपने ही रिश्तेदार के घर को निशाना बनाया।
आरोपी ने चोरी किए गए जेवरात को इंदौर में गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रखकर करीब 8 लाख रुपये प्राप्त किए और अपने कर्ज चुका दिए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, नकद राशि और बैंक खाते में जमा रकम सहित कुल 20 लाख 85 हजार 200 रुपये का मशरूका बरामद किया है।
इस पूरे मामले के सफल खुलासे में थाना आमला पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसमें थाना प्रभारी रविकांत डेहरिया के नेतृत्व में टीम ने तेजी और कुशलता से कार्रवाई करते हुए मामले को सुलझाया।
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों की सुरक्षा के प्रति सजग रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
यह सफलता आमला पुलिस की दक्षता और बेहतर पुलिसिंग का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।


0 टिप्पणियाँ