विधि महाविद्यालय में विधिक जागरूकता एवं साइबर सुरक्षा का दिया संदेश
बैतूल। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बैतूल द्वारा 14 से 20 नवंबर 2026 तक आयोजित “न्यायोत्सव : विधिक सेवा सप्ताह 2026” के अंतर्गत विधि महाविद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेशचंद्र थपलियाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। विद्यार्थियों को अपनी ऊर्जा का सदुपयोग शिक्षा एवं रचनात्मक कार्यों में करना चाहिए तथा नशे से पूरी तरह दूर रहना चाहिए। उन्होंने नशे के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया।
प्रथम जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश एवं विशेष न्यायाधीश (POCSO Act) डॉ. कु. मेहजबीन खान ने विद्यार्थियों को कानून एवं विधिक अधिकारों की जानकारी देते हुए अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
DLSA सचिव सचिन घोष ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विधिक सेवाओं एवं निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी। सिविल जज, जूनियर डिवीजन शुभम नीमा ने साइबर अपराध एवं साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी विद्यार्थियों के साथ साझा की। कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी मिथिलेश डेहरिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विधिक अधिकार एवं कर्तव्य, निःशुल्क विधिक सहायता, बाल अधिकार, महिला अधिकार, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा सहित अन्य महत्वपूर्ण विधिक विषयों की जानकारी प्रदान की गई।
विधि महाविद्यालय की ओर से सहायक प्राध्यापक डॉ. चंद्रशिला यादव, डॉ. वीणा डेहरिया, डॉ. वंदना राहुल एवं क्रीड़ा अधिकारी डॉ. रूपेश जीतपुरे उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विधि महाविद्यालय के विद्यार्थी अरुण कुमार बडोदे, पूजा परते, नितेश उईके, अनिल, गायत्री, करिश्मा, आर्यन एवं सक्षम सहित अन्य विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कानून एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग, नशामुक्त एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
0 टिप्पणियाँ